औरैया, 08 मई।
औरैया जनपद में दिल्ली–हावड़ा रेल मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सुबह लगभग साढ़े सात बजे अछल्दा क्षेत्र के चिंतानागल के सामने डाउन लाइन पर खंभा संख्या 1118/6 के पास एक युवक का शव पड़ा होने की जानकारी कीमैन द्वारा स्टेशन मास्टर को दी गई। इसके बाद पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान शव की तलाशी लेने पर युवक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान रुरुगंज निवासी सुदीप कुमार (31) के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। हालांकि उसमें लिखी बातों को सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है।






.jpg)

.jpg)


