पुणे, 08 मई।
महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल की दसवीं कक्षा की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष कुल 92.90 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे हैं, जिससे राज्य में छात्रों की उपलब्धि का स्तर एक बार फिर उच्च बना हुआ है।
परिणाम के अनुसार कोंकण विभाग ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है, जहां 97.62 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं छत्रपति संभाजीनगर विभाग का परिणाम 88.41 प्रतिशत रहा, जो राज्य में सबसे कम दर्ज किया गया है।
राज्य बोर्ड के अध्यक्ष ने पत्रकार परिषद में परिणाम की घोषणा की। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और परीक्षा परिषद से जुड़े कई पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। राज्य के नौ विभागीय मंडलों के माध्यम से परीक्षा का आयोजन किया गया था।
इस वर्ष परीक्षा के लिए सोलह लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। परिणाम में एक बार फिर लड़कियों ने लड़कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 94.96 रहा, जबकि लड़कों का परिणाम 89.56 प्रतिशत रहा।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परिणाम में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। गत वर्ष यह प्रतिशत 94.10 था, जबकि इस बार यह 2.01 प्रतिशत कम रहा है।
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कॉपीमुक्त अभियान चलाया गया था। इसके तहत बड़ी संख्या में उड़नदस्ते और विशेष निरीक्षण टीमों की तैनाती की गई थी, जिससे परीक्षा प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा आठ भाषाओं में आयोजित की गई थी। साथ ही असफल विद्यार्थियों से निराश न होने की अपील करते हुए कहा गया कि परिणाम समय पर घोषित करने का उद्देश्य अगली कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया को सुचारू रूप से आगे बढ़ाना है।






.jpg)

.jpg)


