भोपाल, 07 मई।
साँची बौद्ध भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा के समन्वय पर आधारित विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है।
विश्वविद्यालय में बौद्ध दर्शन, भारतीय दर्शन, वैदिक अध्ययन, योग विज्ञान, भारतीय चित्रकला, संस्कृत, हिंदी, अंग्रेज़ी और चीनी भाषा सहित कई विषयों में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही योग, पालि भाषा, हिंदी और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े सर्टिफिकेट कोर्स भी संचालित किए जा रहे हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रत्येक स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में 30 सीटें निर्धारित की गई हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त छात्रावास, लाइब्रेरी, मैस, 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए भी अलग छात्रावास की व्यवस्था की गई है।
संस्थान की ओर से मेधावी छात्राओं और पात्र विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना भी संचालित की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक छात्र उच्च शिक्षा से जुड़ सकें। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं।
साँची विश्वविद्यालय भारतीय संस्कृति, दर्शन और पारंपरिक ज्ञान प्रणाली के अध्ययन के लिए देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। विश्वविद्यालय में देश-विदेश से विद्यार्थी अध्ययन के लिए पहुंच रहे हैं।





.jpg)

.jpg)





