भोपाल, 07 मई।
प्रदेश के विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने और शैक्षणिक व्यवस्था को समयबद्ध बनाने के लिए उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने बुधवार को मंत्रालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में सार्वजनिक विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों के साथ भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा व्यवस्था, छात्रावास सुविधाओं और डिजिटल मूल्यांकन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मंत्री इंदर सिंह परमार ने निर्देश दिए कि सभी विश्वविद्यालय शासन के नियमों के अनुसार रोस्टर तैयार कर जल्द भर्ती विज्ञापन जारी करें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक, अकादमिक और प्रशासनिक सुधार के लिए रिक्त पदों को भरना सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में मंत्री ने सभी विश्वविद्यालयों को शैक्षणिक कैलेंडर का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिछले सत्र के परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किए जाएं, ताकि नए सत्र में प्रवेश, परीक्षा और परिणाम तय समय पर हो सकें। उन्होंने विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए छात्रावासों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मंत्री ने छात्रावासों की व्यवस्था और सुविधाओं की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष समिति गठित करने के निर्देश भी दिए। यह समिति विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्रावासों का निरीक्षण करेगी और रिपोर्ट तैयार करेगी।
डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। मंत्री परमार ने कहा कि पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली के लिए डिजिटल मूल्यांकन बेहद जरूरी है और विश्वविद्यालयों को इसके क्रियान्वयन में तेजी लानी चाहिए।
बैठक में अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने विश्वविद्यालयों को सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग सुधारने, लंबित पेंशन प्रकरणों और अनुकंपा नियुक्ति मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।




.jpg)

.jpg)





