भोपाल, 07 मई।
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने “मुख्यमंत्री कृषक मित्र योजना” में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सागर उपसंभाग में पदस्थ संविदा सहायक अभियंता अवनीश जरोलिया की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। कंपनी ने जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद यह कदम उठाया।
अवनीश जरोलिया को एसटीसी उपसंभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया था। कंपनी को योजना के तहत सामग्री आहरण और कार्य निष्पादन में गड़बड़ियों की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद मुख्यालय स्तर पर तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी।
जांच समिति की रिपोर्ट और उपलब्ध दस्तावेजों के परीक्षण में पाया गया कि मुख्यमंत्री कृषक मित्र योजना के अंतर्गत कई कार्यों के लिए बिना विधिवत कार्यादेश जारी किए ही क्षेत्रीय भंडार सागर से करीब 73 लाख रुपये मूल्य की सामग्री आहरित की गई। जांच में यह भी सामने आया कि सामग्री निकालने के दौरान संबंधित अधिकारी ने विभिन्न पदनामों का उपयोग किया।
विद्युत वितरण कंपनी ने इस पूरे मामले को गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए संविदा सहायक अभियंता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनियमितता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और आवश्यक होने पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी। कंपनी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता और नियमों के पालन के निर्देश दिए हैं।






.jpg)





