हमीरपुर, 07 मई।
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में यमुना नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है, जिसमें पांच बच्चे और एक महिला शामिल हैं। कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर मजरा भौली गांव में बुधवार देर शाम हुए इस हादसे के बाद गुरुवार को लगातार सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें लापता छठे बच्चे का शव भी बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में आए कुछ लोग तरबूज लेने के लिए नाव से नदी पार कर रहे थे, तभी बीच नदी में नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। नाव में कुल नौ लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग पानी में डूबने लगे। स्थानीय पुलिस के साथ ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सर्च अभियान के दौरान बृजरानी, अर्चना, रानी, आकांक्षा, लव्यांश और गौरे उर्फ आदित्य के शव बरामद किए गए, जबकि तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। लगातार कई घंटे चले अभियान के बाद सभी लापता लोगों की तलाश पूरी की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
इसी दौरान जलशक्ति राज्य मंत्री एवं प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवारों से मिलकर उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। परिजनों से मुलाकात के दौरान माहौल अत्यंत भावुक हो गया और लोग फफक-फफक कर रो पड़े।
प्रशासन ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पूरे क्षेत्र में इस हादसे के बाद शोक का माहौल व्याप्त है।





.jpg)

.jpg)





