पश्चिम बंगाल
07 May, 2026

चंद्रनाथ रथ की हत्या से बंगाल में तनाव, राजनीतिक हलचल तेज

मध्यमग्राम में भाजपा नेता के करीबी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच जांच तेज कर दी गई।

कोलकाता, 07 मई।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद से जारी राजनीतिक तनाव के बीच बुधवार देर रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में भाजपा नेता एवं नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया तथा राज्य की राजनीति में नया उबाल आ गया।

इस वारदात को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। भाजपा समर्थकों ने हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया है। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने घटना की निंदा करते हुए अदालत की निगरानी में केंद्रीय जांच ब्यूरो से जांच की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है और दोषियों को जल्द सजा मिलनी चाहिए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार चंद्रनाथ रथ रात के समय कोलकाता में एक पार्टी कार्यक्रम समाप्त कर स्कॉर्पियो वाहन से मध्यमग्राम स्थित अपने आवास लौट रहे थे। रात लगभग ग्यारह बजे दोहारिया इलाके में उनकी गाड़ी को एक छोटी कार ने रोक लिया। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर आए हमलावरों ने वाहन को घेरकर बेहद नजदीक से कई राउंड फायरिंग की। गोलियां बंद शीशे को भेदते हुए कार के भीतर जा लगीं।

इस हमले में चंद्रनाथ रथ को सीने और पेट में गोली लगी, जबकि उनके चालक बुद्धदेव बेहरा भी गोलीबारी में घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चंद्रनाथ रथ को मृत घोषित कर दिया। चालक की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही शुभेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार, भाजपा विधायक अर्जुन सिंह सहित कई भाजपा नेता भी वहां पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जसोर रोड पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस, आरएएफ और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई।

राज्य के पुलिस महानिदेशक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार हमले में इस्तेमाल मोटरसाइकिल में छेड़छाड़ के संकेत मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मामले की जांच सीआईडी तथा विशेष कार्य बल को सौंप दी गई है।

चंद्रनाथ रथ मूल रूप से पूर्व मेदिनीपुर जिले के चंडीपुर के निवासी थे। वे पढ़ाई में अत्यंत मेधावी थे और रहारा रामकृष्ण मिशन से शिक्षा प्राप्त की थी। उन्होंने देश सेवा की भावना से भारतीय वायुसेना में शॉर्ट टर्म सर्विस भी की थी। बाद में वे राजनीति से जुड़ गए और लंबे समय तक शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी के रूप में सक्रिय रहे। शुभेंदु अधिकारी के तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में जाने के बाद वर्ष 2020 में चंद्रनाथ रथ भी भाजपा में शामिल हो गए थे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़