भोपाल, 06 मई।
राज्य सरकार ने लंबे समय से प्रतीक्षित माध्यमिक और प्राथमिक वर्ग के 4 हजार चयनित शिक्षकों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के लिए स्कूल चयन की प्रक्रिया की तिथियां भी निर्धारित कर दी गई हैं, जिसके तहत अब चयनित उम्मीदवार 12 मई से 18 मई 2026 के बीच ऑनलाइन माध्यम से अपनी पसंद के विद्यालयों का चयन कर सकेंगे। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है।
यह निर्णय ऐसे समय में सामने आया है जब बुधवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भोपाल स्थित लोक शिक्षण संचालनालय कार्यालय के बाहर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था। अभ्यर्थी लंबे समय से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू किए जाने की मांग कर रहे थे और इसमें हो रही देरी को लेकर नाराजगी व्यक्त कर रहे थे। प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया पूरी की।
जानकारी के अनुसार यह भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2022 में प्रारंभ की गई थी। इसके अंतर्गत 2023 में पात्रता परीक्षा आयोजित की गई, जिसके बाद अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा संपन्न हुई। लंबी प्रक्रिया के बाद सितंबर 2025 में परिणाम जारी करते हुए चयन सूची प्रकाशित की गई थी।
हालांकि चयन सूची जारी होने के बाद भी नियुक्ति आदेश और स्कूल चयन प्रक्रिया में देरी बनी रही, जिससे अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ता गया। अब नियुक्ति आदेश जारी होने और चॉइस फिलिंग की तारीख तय होने के बाद अभ्यर्थियों को राहत मिली है तथा पूरी प्रक्रिया आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।








.jpg)



