नई दिल्ली, 06 मई
वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम की भारत की पहली राजकीय यात्रा पर बुधवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह के बाद राष्ट्रपति तो लाम ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति लाम के बीच हैदराबाद भवन में द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है, जिसमें दोनों देशों के संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी इस बैठक में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों के साथ-साथ पारस्परिक हितों से जुड़े विषयों पर भी वियतनाम के राष्ट्रपति के साथ व्यापक विचार-विमर्श करेंगे। यह वार्ता दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
राष्ट्रपति तो लाम मंगलवार शाम नई दिल्ली पहुंचे थे। भारत और वियतनाम इस वर्ष अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी के दस वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं। उनकी यह यात्रा बिहार के बोधगया से शुरू हुई, जहां उन्होंने महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की।
प्रधानमंत्री मोदी के आमंत्रण पर वियतनाम कम्युनिस्ट पार्टी के शीर्ष नेता एवं राष्ट्रपति तो लाम 5 से 7 मई तक भारत की राजकीय यात्रा पर हैं। उनके साथ वियतनाम सरकार के वरिष्ठ मंत्री और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। इस यात्रा के दौरान वे मुंबई का भी दौरा करेंगे।









