रायपुर, 06 मई।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 19 मई को छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गृह मंत्री 18 मई की रात जगदलपुर पहुंचेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 19 मई को वे इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे और शाम को वापस दिल्ली लौट जाएंगे।
इस बैठक में मध्य क्षेत्रीय परिषद के सदस्य राज्यों छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तथा वरिष्ठ मंत्री शामिल होंगे। बैठक में इन राज्यों के बीच सामाजिक-आर्थिक विकास, आधारभूत संरचना, सुरक्षा व्यवस्था और अंतरराज्यीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्य सचिव विकास शील ने सभी विभागों से पिछली बैठक के निर्णयों के आधार पर छत्तीसगढ़ में किए गए कार्यों और लंबित विषयों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के बाद यह पहली बड़ी उच्च स्तरीय बैठक होगी, जिसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।










