अपराध
06 May, 2026

पेंटालून शोरूम में तिलक-कलावा विवाद पर हंगामा, हिंदू संगठनों का विरोध प्रदर्शन

जबलपुर के पेंटालून शोरूम में कर्मचारियों को तिलक और कलावा से रोके जाने के आरोपों के बाद हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और मामले की जांच की मांग की।

जबलपुर, 06 मई।

लेंसकार्ट विवाद के बाद अब जबलपुर में एक बार फिर धार्मिक प्रतीकों को लेकर नया विवाद सामने आया है। शास्त्री ब्रिज स्थित पेंटालून शोरूम पर आरोप लगाए गए हैं कि वहां कर्मचारियों को तिलक लगाने और कलावा पहनने से रोका गया। इस मामले को लेकर मंगलवार को हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ता शोरूम पहुंचे और पूरे स्टाफ को तिलक लगाकर कलावा भी बांधा गया। इसी दौरान फ्लोर मैनेजर नितिन बोरकर को भी तिलक लगाया गया और कलावा पहनाया गया। इस घटना के चलते शोरूम परिसर के बाहर कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कर्मचारियों पर धार्मिक प्रतीकों को हटाने का दबाव बनाया जा रहा था और ऐसा न करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जा रही थी। कुछ कर्मचारियों ने अनौपचारिक रूप से ऐसे निर्देश मिलने की बात भी कही है। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के कारण दो दिन पहले एक कर्मचारी ने नौकरी भी छोड़ दी थी।

विवाद तब और बढ़ गया जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता शोरूम पहुंचकर विरोध करने लगे। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के हाथों में कलावा बांधा और उनके माथे पर तिलक लगाया।

वहीं, शोरूम प्रबंधन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसी भी कर्मचारी को धार्मिक आधार पर नहीं रोका गया है। प्रबंधन का कहना है कि केवल कंपनी के ड्रेस कोड और प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए थे, और मामले को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हिंदू संगठन ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

25° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़