वॉशिंगटन, 06 मई।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को हार्मुज जलडमरूमध्य में फंसे व्यापारिक जहाजों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए शुरू किए गए ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को अस्थायी रूप से रोकने की घोषणा की है। यह अभियान मात्र दो दिनों पहले ही शुरू किया गया था।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान सहित कई देशों की ओर से मिले अनुरोधों और ईरान के खिलाफ चल रहे अभियान में मिली सफलता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि ईरान के साथ अंतिम समझौते को लेकर कुछ प्रगति हुई है, इसलिए अभियान को फिलहाल रोककर स्थिति का मूल्यांकन किया जाएगा।
हालांकि ट्रंप ने स्पष्ट किया कि ईरान के बंदरगाहों की नौसैनिक घेराबंदी जारी रहेगी और इसमें किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह रोक अस्थायी है और इसका उद्देश्य यह देखना है कि क्या प्रस्तावित समझौता अंतिम रूप ले पाता है और उस पर हस्ताक्षर हो सकते हैं या नहीं।
ट्रंप ने रविवार को इस मिशन की घोषणा की थी, जिसके बाद सोमवार को अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसे शुरू किया। शुरुआत में अभियान के तहत दो जहाज सोमवार को और एक जहाज मंगलवार को सुरक्षित निकाले गए थे, जबकि पहले हार्मुज से प्रतिदिन लगभग 125 जहाज गुजरते थे।
इसी बीच ईरान ने इस अमेरिकी अभियान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए चेतावनी दी थी कि उसकी अनुमति के बिना कोई जहाज इस मार्ग से नहीं गुजर सकता। इसके बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया और ईरान ने कथित तौर पर दक्षिण कोरिया के एक जहाज पर हमला किया तथा यूएई पर मिसाइल हमले किए, जिससे हालात और अधिक गंभीर हो गए।











