गयाजी, 5 मई।
वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम मंगलवार को बौद्ध और आध्यात्मिक महत्व की भूमि गयाजी पहुंचे, जहां बोधगया अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह दौरा 5 से 7 मई तक निर्धारित है।
एयरपोर्ट पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मुख्यमंत्री ने प्रोटोकॉल के तहत राष्ट्रपति को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संक्षिप्त और सौहार्दपूर्ण वार्ता भी हुई। स्वागत समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन भी मौजूद रहे और उपस्थित गणमान्य लोगों ने राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।
एयरपोर्ट से राष्ट्रपति सड़क मार्ग से महाबोधि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बुद्ध के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और श्रद्धालुओं की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।
मंदिर में कुछ समय तक उन्होंने ध्यान भी किया और बौद्ध परंपराओं के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की। उनके साथ वियतनाम का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन कई दिनों से तैयारियों में जुटा हुआ था। एयरपोर्ट से लेकर मंदिर तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई थी और पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गयाजी में वियतनाम के राष्ट्रपति का आगमन भारत और वियतनाम के संबंधों को और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जुड़ाव को नई दिशा देगा।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति बोधगया के अन्य प्रमुख बौद्ध स्थलों का भी भ्रमण करेंगे। उनके दौरे को देखते हुए शहर में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को विशेष रूप से दुरुस्त किया गया है।



.jpg)

.jpg)

.jpg)

.jpg)
.jpg)
