सरकार व नीतियाँ
04 May, 2026

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में बड़ी उपलब्धि, अहमदाबाद में 5 भारी बीम स्थापित

मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत अहमदाबाद में 22 दिनों में पांच भारी पोर्टल बीम सफलतापूर्वक स्थापित कर बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धि हासिल की गई।

अहमदाबाद, 04 मई।

मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत अहमदाबाद में एक बड़ी इंजीनियरिंग सफलता दर्ज की गई है, जहां मणिनगर क्षेत्र में अहमदाबाद–वडोदरा रेलवे लाइन के ऊपर केवल 22 दिनों के भीतर पांच भारी प्रीकास्ट-प्रेस्ट्रेस्ड पोर्टल बीम सफलतापूर्वक स्थापित किए गए हैं।

राष्ट्रीय उच्च गति रेल निगम ने जानकारी दी है कि यह पूरा कार्य 8, 13, 19, 24 और 29 अप्रैल को निर्धारित क्रम में पूरा किया गया, जो चालू रेलवे ट्रैक के ऊपर बेहद तेज और सटीक निर्माण कार्य का उदाहरण है। इनमें सबसे भारी बीम का वजन लगभग 1360 मीट्रिक टन रहा, जिसे 8 अप्रैल को स्थापित किया गया।

अन्य बीमों का वजन 1170 से 1360 मीट्रिक टन के बीच रहा, जिससे यह कार्य रेलवे अवसंरचना के क्षेत्र में अब तक के सबसे जटिल अभियानों में शामिल हो गया है। मणिनगर में बुलेट ट्रेन का मार्ग मौजूदा रेलवे ट्रैकों के ऊपर ऊंचाई पर और तिरछे कोण में गुजरता है, जिससे इसका निर्माण अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा।

यहां दो पिलरों के बीच लगभग 30 से 34 मीटर की दूरी होने के कारण अत्यधिक मजबूत और संतुलित पोर्टल बीम की आवश्यकता पड़ी। इन्हें इस तरह तैयार किया गया है कि यह अहमदाबाद–वडोदरा मार्ग की अप, डाउन और तीसरी लाइन सहित कई सक्रिय ट्रैकों को सुरक्षित रूप से कवर कर सकें।

इन विशाल बीमों के कारण संरचना में स्थिरता बनी रहती है और झुकाव न्यूनतम रहता है, जिससे ट्रैक की सटीकता और संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। स्थापना कार्य के लिए 2200 मीट्रिक टन क्षमता वाले क्रॉलर क्रेन का उपयोग किया गया, जिसे भारत में पहली बार सक्रिय रेलवे ट्रैक के ऊपर इस्तेमाल किया गया।

प्रत्येक बीम को लगभग साढ़े तीन घंटे में स्थापित किया गया, जो पहले के लगभग नौ घंटे के ब्लॉक समय की तुलना में काफी तेज है। यह पूरा कार्य रेलवे के साथ समन्वय, सख्त सुरक्षा व्यवस्था और लगातार निगरानी के तहत पूरा किया गया।

उल्लेखनीय है कि प्रत्येक पोर्टल बीम की लंबाई 34 मीटर और क्रॉस सेक्शन 5.5 मीटर गुणा 4.5 मीटर है। इन सभी बीमों को स्थल पर ही तैयार कर भारी संरचनाओं के रूप में स्थापित किया गया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

25° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़