भोपाल, 02 मई।
धार जिले के प्रसिद्ध कारम बांध का निर्माण अब अंतिम चरण में है और उम्मीद की जा रही है कि बारिश से पहले इसका लोकार्पण कर दिया जाएगा। बांध के निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बांध का लोकार्पण 15 जून से पहले करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कारम बांध का निर्माण कार्य अपनी पूरी गति से चल रहा है और इसके लिए निर्माण एजेंसी गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए काम कर रही है। इस दौरान बांध की गुणवत्ता का निरीक्षण विशेषज्ञों की एक कमेटी द्वारा किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि अगस्त 2022 में कारम बांध का फटना एक बड़ी त्रासदी साबित हुआ था, जब क्षमता से अधिक पानी आने के कारण बांध में दरार आ गई थी। इसके बाद नाले को रोका गया और पानी को खाली करने के लिए बांध को किनारे से काटा गया था। इस घटना में 18 गांवों की आबादी को खतरे में डाला गया था।
इस घटना के बाद जल संसाधन विभाग द्वारा पांच इंजीनियरों और निर्माण एजेंसी एएनएस कंस्ट्रक्शन कंपनी को दोषी ठहराया गया। विभाग की जांच रिपोर्ट में बताया गया कि 304 करोड़ की लागत से बने इस बांध में गुणवत्ता और मानकों की अनदेखी की गई, जिससे यह हादसा हुआ। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि बांध का फूटना सामान्य घटना नहीं थी, बल्कि यह मानव निर्मित आपदा थी, जो बांध के अधूरे निर्माण के कारण हुई।










