नागरिक समस्याएँ
04 May, 2026

भोपाल में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना, प्रशासन पर दबाव

भोपाल में समर्थन मूल्य, राजस्व मामलों और भूमि अधिग्रहण सहित कई मांगों को लेकर किसानों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है।

भोपाल, 04 मई।

भोपाल में किसानों का आक्रोश अब सड़कों पर खुलकर सामने आने लगा है। एमपी नगर स्थित एसडीएम कार्यालय के बाहर सोमवार सुबह से दर्जनों किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया और वहीं डेरा डाल दिया। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में अव्यवस्था, स्लॉट बुकिंग की समस्या, राजस्व मामलों में देरी और भूमि अधिग्रहण जैसे मुद्दों को लेकर किसान एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं।

एमपी नगर और हुजूर तहसील क्षेत्र के किसान इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हैं। उनका कहना है कि बार-बार शिकायतें और आवेदन देने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिसके कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा है। किसान कुबैर सिंह राजपूत ने बताया कि तहसील से जुड़े कई मामलों में किसानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिनमें गेहूं बिक्री के लिए स्लॉट बुकिंग, किसान सम्मान निधि, किसान पहचान पत्र, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, फसल बीमा और बिजली संबंधी समस्याएं प्रमुख हैं।

किसानों का आरोप है कि राजस्व मामलों में देरी और प्रशासनिक जटिलताओं के कारण उन्हें समय पर न्याय नहीं मिल पा रहा है। साथ ही सरकारी खरीदी केंद्रों पर तकनीकी खराबी और स्लॉट बुकिंग की दिक्कतों के चलते गेहूं की खरीदी प्रभावित हो रही है, जिससे फसल खेतों और घरों में पड़ी है और खराब मौसम में नुकसान का खतरा बढ़ गया है।

भूमि अधिग्रहण पर भी विरोध तेज हो गया है। पिपलानी बी-सेक्टर से खजूरीकलां बायपास तक प्रस्तावित चार लेन सड़क निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण का किसान विरोध कर रहे हैं। उनकी मांग है कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार बाजार मूल्य से चार गुना मुआवजा दिया जाए, जिसमें जमीन के भविष्य मूल्य और क्षेत्रीय विकास को भी शामिल किया जाए।

ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से फसल खराब होने की आशंका भी किसानों की चिंता बढ़ा रही है। किसानों ने फसल बीमा योजना के तहत जल्द सर्वे कर पारदर्शी तरीके से मुआवजा देने की मांग की है।

इसके साथ ही किसानों ने यह भी मांग उठाई है कि पटवारी सप्ताह में कम से कम दो दिन सोमवार और गुरुवार को गांवों में ही बैठें, ताकि छोटे कार्यों के लिए उन्हें तहसील और जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। किसानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों का ठोस समाधान नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा और आने वाले दिनों में यह आंदोलन और तेज हो सकता है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

25° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़