भोपाल, 04 मई।
थाना कोलार रोड क्षेत्र में शराब के लिए पैसे न मिलने पर उत्पात मचाने, वाहन में आगजनी करने और मोहल्ले में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ करने वाले निगरानीशुदा बदमाश को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी को जिला अशोकनगर से पकड़ा गया, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पीड़ित द्वारा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया था कि आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग की थी। पैसे देने से इनकार करने पर गाली-गलौज की गई और आक्रोशित होकर फरियादी की कार में आग लगा दी गई। इसके बाद मोहल्ले में खड़ी अन्य गाड़ियों पर पत्थर फेंककर उन्हें भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
मामले में थाना कोलार रोड में अपराध दर्ज कर विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण कायम किया गया और जांच शुरू की गई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई तेज की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की और उसे अशोकनगर से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान इमरान खान उर्फ चुन्नी (उम्र 31 वर्ष), निवासी हिनोतिया आलम, कोलार रोड के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी क्षेत्र का निगरानीशुदा बदमाश है, जिसके खिलाफ धोखाधड़ी, चोरी, गृहभेदन, मारपीट, अवैध हथियार और आबकारी एक्ट सहित करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना के बाद वह अशोकनगर में छिपा हुआ था। उसके खिलाफ जारी 9 स्थायी वारंट भी तामील किए गए हैं। पुलिस उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है।







.jpg)



