उत्तर प्रदेश
04 May, 2026

गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रैक्टर चालक की मौत, पांच घायल

रायबरेली के गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार लोडर और ट्रैक्टर की टक्कर में चालक की मौत हो गई तथा पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

रायबरेली, 04 मई।

रायबरेली जनपद के सलोन थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाले गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात तेज रफ्तार लोडर और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार सलोन क्षेत्र के रसूलपुर के पास एक्सप्रेसवे पर एक कर्मचारी ट्रैक्टर में तार का बंडल लेकर लालगंज की ओर जा रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज गति की पिकअप अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पर सवार ऊंचाहार क्षेत्र के इंदर का पुरवा मजरे मिर्जापुर ऐहारी निवासी मनोज पाल सड़क पर गिर पड़े और ट्रॉली पर रखा तार का बंडल उनके ऊपर आ गिरा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे ऊंचाहार के चंडरई चौराहा निवासी प्रकाश नारायण मिश्र, पूरे बल्दी मजरे मिर्जापुर ऐहारी के शिवकुमार पाल और अंकेश कुमार रैदास तथा पिकअप में सवार पंजाब प्रांत के पटियाला निवासी नरमजीत और शत्रु गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद नरमजीत की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सलोन कोतवाल ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, साथ ही तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि गंगा एक्सप्रेसवे पर लगातार हादसों का सिलसिला जारी है और लोकार्पण के कुछ ही दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी दुर्घटना सामने आई है, जिसमें तेज रफ्तार को प्रमुख कारण माना जा रहा है, इससे पहले भी इसी मार्ग पर एक हादसे में कई कार सवार घायल हो चुके हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

25° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़