किंग्सटन, 04 मई।
भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर अपने तीन देशों के दौरे के तहत जमैका पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने पर चर्चा की। इस दौरान भारत की ओर से एक इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड भेंट किया गया, जिसे सबीना पार्क में औपचारिक रूप से समर्पित किया गया। यह पहल भारत-जमैका संबंधों में मित्रता और सहयोग को और मजबूत करने का प्रतीक मानी जा रही है।
विदेश मंत्री ने इस अवसर की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि भारत और जमैका की कहानी क्रिकेट के रनों, सम्मान और गहरी मित्रता से जुड़ी हुई है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यह इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड आने वाले समय में कई शानदार पारियों का गवाह बनेगा, जिनमें भारत और जमैका की दोस्ती की नई कहानियां भी शामिल होंगी।
जमैका प्रवास के दौरान डॉ. जयशंकर ने भारतीय समुदाय के साथ भी संवाद किया और उनकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस द्वारा भारतीय योगदानों पर व्यक्त किए गए विचारों को सकारात्मक बताया और दोनों देशों के बीच हाल के संबंधों में आए विकास पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने देश में हो रहे बदलावों, विशेषकर आधारभूत ढांचे, मानव विकास तथा तकनीक आधारित प्रशासन और उद्यमिता पर विचार साझा किए।
विदेश मंत्री का यह दौरा 2 से 10 मई 2026 तक निर्धारित है, जिसमें जमैका के साथ-साथ सूरीनाम और त्रिनिदाद एवं टोबैगो भी शामिल हैं। इन देशों में गिरमिटिया समुदाय की ऐतिहासिक उपस्थिति के कारण भारत के साथ गहरे सांस्कृतिक संबंध बने हुए हैं। इस यात्रा के दौरान वे तीनों देशों के नेतृत्व से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।
इससे पहले अपने कैरेबियाई दौरे के दौरान उन्होंने ओल्ड हार्बर का भी दौरा किया, जो भारतीय प्रवासियों के इतिहास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण स्थल है। वहां उन्होंने भारतीय समुदाय से मुलाकात कर उनकी सांस्कृतिक परंपराओं और पहचान को संरक्षित रखने के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने बताया कि यह वही स्थान है जहां लगभग 180 वर्ष पहले पहले भारतीय पहुंचे थे। उन्होंने समुदाय के सदस्यों से बातचीत कर उनकी विरासत को सहेजने के प्रयासों को सराहा और उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर उन्होंने जमैका के पर्यटन मंत्री एडमंड बार्टलेट और मंत्री ओलिविया “बब्सी” ग्रेंज के प्रति आभार भी व्यक्त किया।








.jpg)


