भोपाल, 04 मई।
मध्य प्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत आरटीई योजना में निजी विद्यालयों में निःशुल्क प्रवेश के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया सोमवार से प्रारंभ हो गई है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग के राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा सभी जिलों के कलेक्टर और जिला परियोजना समन्वयकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी हो सके।
प्रदेश सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 की धारा 12 (1) (ग) के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को अशासकीय, गैर-अनुदान प्राप्त निजी स्कूलों में प्रवेश दिया जाता है। इसी क्रम में पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जिन विद्यालयों में सीटें खाली रह गई हैं, उन्हें दूसरे चरण के लिए पोर्टल पर प्रदर्शित किया गया है।
राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह के अनुसार, दूसरे चरण में नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। केवल वे ही आवेदक इसमें शामिल होंगे, जिन्होंने पहले चरण में आवेदन किया था। उन्होंने बताया कि 31 मार्च को अवकाश घोषित होने और संशोधन के बाद 30 मार्च को भी अवकाश होने के कारण कई अभिभावक दस्तावेज सत्यापन नहीं करा सके थे। ऐसे सभी आवेदकों को अब पुनः अवसर दिया गया है। जिन छात्रों का सत्यापन शेष है, वे निर्धारित जनशिक्षा केंद्र पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं और पात्र पाए जाने पर विद्यालयों की पसंद अपडेट कर सकेंगे।
दूसरे चरण की प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए प्रत्येक जनशिक्षा केंद्र पर अधिकतम दो सत्यापन अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही जनशिक्षकों को भी इस कार्य में लगाया जाएगा, जिससे सभी आवेदकों का सत्यापन समय पर हो सके। यदि किसी अभिभावक को जनशिक्षा केंद्र पर परेशानी होती है, तो वे विकासखंड स्त्रोत समन्वयक कार्यालय में भी जाकर सत्यापन करा सकते हैं।
पहले चरण में आवेदन करने के बाद पात्र घोषित हुए लेकिन विद्यालय आवंटित नहीं होने वाले आवेदक इस चरण में अपनी पसंद बदल सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जिन्हें पहले चरण में विद्यालय मिला था लेकिन किसी कारणवश प्रवेश नहीं लिया, वे भी दूसरे चरण में शामिल होकर पुनः विकल्प चुन सकते हैं।
दूसरे चरण की समय-सारिणी के अनुसार 4 से 9 मई तक जनशिक्षा केंद्रों पर सत्यापन कराया जाएगा। इसके बाद 11 से 16 मई तक आवेदक रिक्त सीटों वाले विद्यालयों के लिए अपनी पसंद अपडेट करेंगे। 20 मई को ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से विद्यालय आवंटन किया जाएगा और 20 मई से 10 जून के बीच चयनित विद्यार्थियों का प्रवेश संबंधित विद्यालयों में पूरा किया जाएगा, साथ ही जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज की जाएगी।








.jpg)


