ग्वालियर, 04 मई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सोमवार को ग्वालियर प्रवास पर रहेंगे, जहां वे राज्य स्तरीय दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वे विभागीय योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी प्रदान करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री प्रातः लगभग 10 बजे विमान से राजमाता विजयाराजे सिंधिया हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे दोपहर करीब 12:30 बजे ग्वालियर व्यापार मेला परिसर पहुंचकर राज्य स्तरीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार प्रदेश सरकार दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार नवाचार कर रही है। इसी दिशा में वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा ग्वालियर में यह राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
इस सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 20 हजार पशुपालक, दुग्ध उत्पादक, लाभार्थी, सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालक शामिल होंगे। कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, उन्नत पशुपालन को प्रोत्साहित करने तथा सहकारिता के माध्यम से पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इसके अलावा मैत्री कार्यकर्ता, उत्कृष्ट पशुपालक, क्षीरधारा ग्रामों के सरपंच और सहकारी दुग्ध समितियों के सदस्य मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा करेंगे। इस अवसर पर पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
मेला ग्राउंड में आयोजित इस सम्मेलन स्थल पर पशुपालन एवं डेयरी विभाग सहित संबंधित विभागों द्वारा दुग्ध उत्पादन और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।








.jpg)


