अपराध
04 May, 2026

चलती बसों में मोबाइल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में चलती बसों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी संख्या में चोरी के फोन बरामद किए।

नई दिल्ली, 04 मई।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने चलती बसों और भीड़भाड़ वाले बस अड्डों पर यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से लगभग 100 चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दक्षिणपुरी निवासी 48 वर्षीय मुकेश कुमार और बदरपुर निवासी 24 वर्षीय पिंटू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें पता चला कि गिरोह लंबे समय से बसों में यात्रियों को निशाना बना रहा था।

सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने इंस्पेक्टर रामपाल के नेतृत्व में संगम विहार, बदरपुर और आसपास के इलाकों में जांच शुरू की। इसके बाद आश्रम चौक के पास जाल बिछाकर संदिग्ध अवस्था में खड़े दो युवकों को पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान मुकेश के काले बैग से 60 मोबाइल फोन और पिंटू के नीले बैग से 40 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और क्राइम ब्रांच थाने में मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चार सदस्यीय गिरोह का हिस्सा हैं, जिसमें रमेश और राजेश नाम के दो अन्य साथी भी शामिल हैं। गिरोह का एक सदस्य बस में यात्रियों के मोबाइल चुराता था, जबकि बाकी सदस्य भीड़ बनाकर धक्का-मुक्की करते और ध्यान भटकाते थे। चोरी के बाद मोबाइल बंद कर दिए जाते थे और आपस में बांटकर उन्हें सस्ते दामों पर बेच दिया जाता था।

आरोपियों ने यह भी बताया कि अब तक वे करीब 500 मोबाइल फोन चोरी कर चुके हैं। बरामद फोन में से एक कालकाजी थाने के चोरी के मामले से जुड़ा पाया गया है, जबकि चार फोन गुमशुदगी की शिकायतों से संबंधित मिले हैं। बाकी मोबाइल की जांच जारी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुकेश पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट के आठ मामलों में शामिल रहा है, जबकि पिंटू के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज है। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का सामान खरीदने वाले नेटवर्क की तलाश में छापेमारी कर रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

25° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़