नई दिल्ली, 04 मई।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दो अलग-अलग मामलों में लापता दो युवतियों को खोजकर सुरक्षित रूप से उनके परिजनों से मिलवाया है। इनमें एक नाबालिग किशोरी शामिल है, जो लगभग तीन वर्ष से लापता थी, जबकि दूसरी 18 वर्षीय युवती की तलाश के लिए इनाम घोषित किया गया था। दोनों को संबंधित थानों को सौंप दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पहला मामला वजीराबाद थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां 16 वर्षीय किशोरी 17 मई 2023 से लापता थी। परिजनों की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को उसकी तलाश की जिम्मेदारी दी गई।
टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर कई स्थानों पर जांच की, जिसके बाद किशोरी को उत्तर प्रदेश के खरखरी रेलवे स्टेशन क्षेत्र से बरामद किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी और उसके साथ रह रही थी।
दूसरा मामला अलीपुर थाना क्षेत्र का है, जहां 18 फरवरी 2026 से 18 वर्षीय युवती लापता थी। लगातार प्रयासों के बावजूद सुराग न मिलने पर उसकी जानकारी देने के लिए 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम को जांच सौंपी गई।
पुलिस टीम ने मोबाइल सर्विलांस और स्थानीय सूचना के आधार पर युवती की लोकेशन समयपुर बादली क्षेत्र में ट्रेस की और वहां दबिश देकर उसे बरामद कर लिया। पूछताछ में उसने भी बताया कि वह एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी और उसी के साथ रह रही थी। इसके बाद उसे अलीपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।





.jpg)
.jpg)




.jpg)
