प्रशासनिक खबरें
04 May, 2026

भोपाल में 1.89 करोड़ की लूट का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत 6 गिरफ्तार

भोपाल में आईएएस अकादमी से 1.89 करोड़ की संगठित लूट के मामले में क्राइम ब्रांच ने मास्टरमाइंड समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी रकम फ्रीज कर दी है और जांच जारी है।

भोपाल, 04 मई।

भोपाल में आईएएस अकादमी की संचालिका और उनके स्टाफ से बंदूक की नोक पर की गई 1.89 करोड़ रुपये की संगठित लूट के मामले का क्राइम ब्रांच ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है और एक अन्य संदिग्ध की भूमिका की जांच जारी है।

शिकायत के अनुसार दिल्ली निवासी फरियादी ने बताया था कि आईएएस अकादमी की निदेशक और उनके सहयोगियों को भोपाल निवासी प्रियांक शर्मा ने सेमिनार और नए केंद्र खोलने के बहाने भोपाल बुलाया था। यहां पहुंचने के बाद सभी को एक अज्ञात स्थान पर ले जाकर हथियारबंद बदमाशों की मदद से बंधक बना लिया गया।

इसके बाद पिस्टल और कट्टे की नोक पर जान से मारने की धमकी देकर पीड़ितों से करीब 1.89 करोड़ रुपये की राशि जनकशिला सोसायटी और आरएस इंटरप्राइजेस के खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रियांक शर्मा पीड़ित पक्ष का पूर्व छात्र था, जिसने पुराने संबंधों का फायदा उठाकर पूरी योजना तैयार की। उसने अपने साथियों के साथ दतिया और रीवा से हथियारबंद लोगों को बुलाया और सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया।

पीड़ितों पर दबाव बनाए रखने के लिए आरोपियों ने एक फर्जी वीडियो भी तैयार कराया, जिसमें एक व्यक्ति को रस्सी से बांधकर बक्से में बंद दिखाया गया, ताकि शिकायत करने पर डर बना रहे।

इसके अलावा वारदात से एक दिन पहले आरोपियों ने किराए का मकान लेकर वहां सुंदरकांड का आयोजन किया, जिससे घटना के दौरान किसी भी प्रकार की आवाज बाहरी वातावरण में दब जाए।

वारदात के बाद मुख्य आरोपी ने बीमारी का बहाना बनाकर भोपाल एम्स के आईसीयू में भर्ती होकर पुलिस से बचने का प्रयास किया, लेकिन क्राइम ब्रांच ने जांच में उसे सामान्य स्थिति में पाया और वहीं से हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के दौरान अस्पताल परिसर में आरोपी की मां और पत्नी द्वारा हंगामा भी किया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों के बैंक खातों को फ्रीज कर लूटी गई पूरी राशि को होल्ड कर दिया है, जिसे अब पीड़ित पक्ष को लौटाने की प्रक्रिया चल रही है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी विदेश भागने की तैयारी में था, जिसे समय रहते रोक दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल अवैध पिस्टल, वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री बरामद की है। विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर सभी आरोपियों को पकड़ा गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य साजिशकर्ता सहित छह लोग शामिल हैं, जबकि एक आरोपी फरार है और एक संदिग्ध की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है और जल्द और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

25° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़