नई दिल्ली, 04 मई।
पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार थाना क्षेत्र में देर रात घर लौट रहे एक ज्वेलर से हथियार के बल पर बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। बदमाश ज्वेलर से स्कूटी, मोबाइल फोन, लगभग 75 ग्राम सोने के आभूषण और तीन लाख रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार पीड़ित की पहचान लक्ष्मी नगर स्थित गुरु राम दास नगर निवासी सुकुमार धारा के रूप में हुई है, जो मंडावली क्षेत्र में ज्वेलरी की दुकान संचालित करते हैं। शिकायत में बताया गया कि शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे से पौने ग्यारह के बीच वह दुकान बंद कर अपनी एक्टिवा स्कूटी से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान मधुबन रोड स्थित अमूल डेयरी के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने हथियार दिखाकर पहले उनका मोबाइल फोन छीन लिया और फिर उनकी स्कूटी लेकर फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि स्कूटी की डिग्गी में 75 ग्राम सोने के जेवर और करीब तीन लाख रुपये नकद रखे हुए थे, जिन्हें बदमाश साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की शिकायत पर लूट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच प्राथमिकता पर की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।




.jpg)
.jpg)




.jpg)
