नई दिल्ली, 04 मई
पूर्वी दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक एटीएम को गैस कटर से काटकर लगभग 19.32 लाख रुपये की चोरी करने के मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा के पलवल निवासी 26 वर्षीय रॉबिन के रूप में हुई है, जो अंतरराज्यीय एटीएम काटने वाले इमरान मेवाती गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल कार और 22,500 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मंडावली थाने में 30 अप्रैल को इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत हिटाची पेमेंट सर्विसेज की ओर से की गई थी, जिसमें बताया गया कि 29 अप्रैल को दोपहर के समय एटीएम में 22 लाख रुपये डाले गए थे, जिनमें से 2.67 लाख रुपये ग्राहकों ने निकाल लिए थे, जबकि शेष 19.32 लाख रुपये मशीन में मौजूद थे।
इसके बाद 29 और 30 अप्रैल की मध्यरात्रि करीब 3 बजे से 3:20 बजे के बीच बदमाशों ने गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन काटकर पूरी नकदी निकाल ली और मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
तकनीकी जांच और स्थानीय सूचना के आधार पर यह सामने आया कि वारदात में पलवल निवासी इमरान, रॉबिन और भूरा शामिल थे। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन भी बंद रख रहा था।
इसके बाद पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर में जाल बिछाकर उसे दबोच लिया। पूछताछ में रॉबिन ने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की और बताया कि उसे करीब 20 दिन पहले इमरान ने मोटी रकम का लालच देकर गिरोह में शामिल किया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इमरान मेवाती एक कुख्यात अंतरराज्यीय एटीएम कटर गिरोह का सरगना है, जिसके खिलाफ देशभर में 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।





.jpg)
.jpg)




.jpg)
