भोपाल, 04 मई।
पश्चिम बंगाल चुनाव रुझानों में भारतीय जनता पार्टी की स्पष्ट बढ़त और बहुमत की ओर बढ़ते रुख के बीच भोपाल स्थित केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पर उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर उन्होंने समर्थकों के बीच झालमुड़ी का वितरण किया और जीत के प्रति पूर्ण विश्वास जताया।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को जैसे ही पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के मतगणना रुझान सामने आए, वैसे ही शिवराज सिंह चौहान के निवास पर जश्न का माहौल बन गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच समर्थकों ने खुशी मनाई और आतिशबाजी भी की, वहीं कार्यकर्ताओं के बीच झालमुड़ी का वितरण किया गया।
इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह केवल उम्मीद नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास था कि भाजपा की महाविजय होगी और वही परिणाम अब सामने आए हैं। उन्होंने इसे एक संकल्प की पूर्ति और एक सपने के साकार होने जैसा बताया तथा प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की।
उन्होंने आगे कहा कि बंगाल की यह जीत अत्यंत अद्भुत और असाधारण है तथा देशभर में यह संदेश गया है कि जनता का भरोसा एक बार फिर भाजपा के साथ है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग हार के बाद तरह-तरह के बहाने बनाते हैं, लेकिन जनता का यह जनादेश स्पष्ट और मजबूत है।
शिवराज सिंह ने अन्य राज्यों के रुझानों का उल्लेख करते हुए कहा कि असम में भी शानदार प्रदर्शन सामने आया है, वहीं तमिलनाडु में भी विरोध के बावजूद स्थिति पूरी तरह विपक्ष के विपरीत रही है। पुडुचेरी में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने की स्थिति बन रही है।
उन्होंने अंत में कहा कि यह जनता के विश्वास की जीत है और इसके लिए उन्होंने विभिन्न नेताओं की रणनीति और प्रयासों की सराहना करते हुए देश की जनता का आभार व्यक्त किया।



.jpg)





.jpg)

