मुरादाबाद, 02 मई
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में थाना कटघर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और गोकशी के आरोपितों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो आरोपित, जुनैद और कय्यूम, गिरफ्तार कर लिए गए। दोनों आरोपितों के पैरों में गोली लगी और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रण विजय सिंह के मुताबिक, कटघर थाना क्षेत्र के रामगंगा किनारे मुस्तफाबाद के जंगल में गुरुवार को पशु के अवशेष मिले थे, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद शुक्रवार रात पुलिस आरोपितों की तलाश में थी। जब पुलिस ने सक्टूनगला जाने वाले रास्ते पर बाइक सवार दो संदिग्धों को देखा, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में जुनैद और कय्यूम घायल हो गए।
आरोपितों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने ही रामगंगा किनारे गोकशी की घटना को अंजाम दिया था। कय्यूम दो महीने पहले ही जेल से बाहर आया था और यह पहले भी मुठभेड़ में गिरफ्तार हो चुका है।









