देहरादून, 02 मई।
उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने हाल ही में राज्य में हुई ओलावृष्टि के बाद प्रभावित किसानों की फसलों के नुकसान को लेकर गंभीर रुख अपनाया है। मंत्री ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कृषि और उद्यान विभाग से प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वेक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा है।
शनिवार को कृषि मंत्री ने दूरभाष पर कृषि निदेशक से बातचीत की और फसलों के नुकसान का सही आकलन प्राथमिकता से करने को कहा। उनका कहना था कि इससे प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत मिल सके। इसके अलावा, उन्होंने राजस्व विभाग के साथ मिलकर संयुक्त सर्वेक्षण करने का निर्देश भी दिया है।
मंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के मानकों के अनुसार नुकसान का आकलन कर पात्र किसानों को त्वरित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार पूरी तरह से किसानों के साथ खड़ी है और किसी भी किसान को राहत से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि सर्वेक्षण कार्य में पारदर्शिता बनाए रखते हुए उसे तेज गति से पूरा किया जाए, ताकि किसानों को समय रहते मदद मिल सके और उनकी आजीविका पर पड़ने वाले प्रभाव को न्यूनतम किया जा सके।









