भोपाल, 02 मई
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते हादसों, किसानों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर राज्य सरकार को घेरा और केंद्र से हस्तक्षेप की मांग की।
पटवारी ने कहा कि प्रदेश में बार-बार ऐसे हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा रही है। उन्होंने इसे सरकार की लापरवाही का परिणाम बताया और कहा कि राजनीतिक जिम्मेदारी का पूरी तरह अभाव है। उनका कहना था कि इन गंभीर घटनाओं को लेकर वे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को पत्र लिखने जा रहे हैं, ताकि केंद्र सरकार मध्य प्रदेश की विफल शासन व्यवस्था पर संज्ञान ले।
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश में पानी की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि जहरीले पानी की वजह से लोग जान गंवा रहे हैं। दवाइयों की लापरवाही के कारण 26 बच्चों की मौत होना बेहद दुखद है। इसके अलावा, उन्होंने क्रूज संचालन में हुई लापरवाही के कारण हुई 9 मौतों की भी निंदा की। किसानों के मुद्दे पर पटवारी ने कहा कि हाल की बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने गेहूं की कम दामों पर बिक्री का मामला उठाया और किसानों के लिए भावांतर राशि की तत्काल भुगतान की मांग की।
इसके साथ ही, उन्होंने आगामी 7 तारीख को बड़वानी से मुरैना तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित किसानों के प्रदर्शन की जानकारी दी। भोपाल में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास पर ध्यान देने की आवश्यकता जताई। उन्होंने निगम-मंडलों में पारदर्शिता की भी मांग की और कहा कि प्रदेश में व्यापक संवाद और ठोस कदम उठाने की जरूरत है ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।








.jpg)



