भोपाल, 02 मई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक ढांचे और किसानों की स्थिति को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शासन व्यवस्था पूरी तरह से विफल हो चुकी है और अब हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि केंद्र सरकार को हस्तक्षेप करना चाहिए।
पटवारी ने कहा कि प्रदेश में लगातार बड़े हादसे और सामूहिक मौतों की घटनाएं हो रही हैं, जो सरकार की लापरवाही का परिणाम हैं। उन्होंने इसे लेकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर केंद्र से संज्ञान लेने की मांग की है। उनके अनुसार, प्रदेश में मूलभूत सुविधाएं भी सुरक्षित नहीं हैं और जहरीले पानी तथा दवाइयों की लापरवाही से मौतों को सरकार की संवेदनहीनता बताया।
इसके अलावा, पटवारी ने एनजीटी की आपत्तियों के बावजूद क्रूज संचालन और उससे हुई जनहानि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के दौरान सरकार का रवैया असंवेदनशील रहा है।
किसानों के मुद्दे पर पटवारी ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से फसल खराब होने के बावजूद किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल रहा। उन्होंने सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया और गेहूं और धान की भावांतर राशि तुरंत देने की मांग की। साथ ही 7 मई को बड़वानी से मुरैना तक नेशनल हाईवे जाम करने की घोषणा की।











