हैदराबाद, 01 मई।
हैदराबाद के शमशाबाद क्षेत्र में आउटर रिंग रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें छह लोगों की जान चली गई। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना आउटर रिंग रोड के निकास द्वार संख्या 16 के पास हुई, जहां सड़क किनारे खड़ी एक लॉरी को पीछे से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार लॉरी के पिछले हिस्से में फंस गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकलवाया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चों सहित कुल छह लोगों की मौत हो गई। सभी शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक सभी लोग राजन्ना सिरसिल्ला जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।










