मेलबर्न, 8 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर मेलबर्न में भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। प्रधानमंत्री को देखकर वहां मौजूद लोगों में उत्साह दिखाई दिया और पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल नजर आया।
मेलबर्न में इंतजार कर रहे भारतीय समुदाय के लोगों ने जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी को देखा, उन्होंने उत्साह के साथ भारत माता की जय और मोदी-मोदी के नारे लगाए। कार्यक्रम में कलाकारों ने ‘मां तुझे सलाम’ और ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुतियों के जरिए प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
इस दौरान महिला कलाकारों ने शिव भक्ति गीत पर आधारित नृत्य प्रस्तुति भी दी। प्रधानमंत्री मोदी कलाकारों का उत्साह बढ़ाते हुए लगातार तालियां बजाते रहे और उन्होंने सभी कलाकारों का आभार व्यक्त किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का मेलबर्न में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ तीसरे वार्षिक शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि उनका यह दौरा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री अल्बनीज के साथ होने वाली बातचीत और भारतीय समुदाय के लोगों से मिलने का इंतजार है।
प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। वह ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के निमंत्रण पर मेलबर्न पहुंचे हैं। यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए बातचीत होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन से भी मुलाकात करेंगे। इस यात्रा को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक संबंधों को नई दिशा देने के रूप में देखा जा रहा है।















