अपराध
08 Jul, 2026

बीमारी से परेशान अधेड़ महिला ने जहर खाया, इलाज के दौरान मौत

हमीरपुर में बीमारी से परेशान अधेड़ महिला ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

हमीरपुर, 8 जुलाई।

बीमारी से परेशान चल रही अधेड़ महिला प्रेमा (58) ने बुधवार को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और मृतका के इकलौते बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।

महोबा जिले के खरेला थाना क्षेत्र के ग्राम बसौठ निवासी बेनीप्रसाद यादव ने बताया कि उनकी पत्नी प्रेमा पिछले तीन-चार दिनों से बीमार थीं। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर वह अपने बेटे विजय के साथ मुस्करा स्थित अस्पताल में इलाज कराने गई थीं। बुधवार को भी वह मुस्करा कस्बे के एक चिकित्सक से उपचार कराकर घर लौटी थीं।

बताया गया कि दोपहर के समय बेनीप्रसाद बकरियां चराने के लिए खेत चले गए थे। घर में प्रेमा और उनका बेटा विजय मौजूद था। कुछ देर बाद विजय किसी काम से पड़ोस में चला गया। इसी दौरान घर में अकेली प्रेमा ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।

कुछ समय बाद जब विजय वापस लौटा तो उसने मां को उल्टियां करते देखा। उसने तुरंत खेत में मौजूद अपने पिता को सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण महिला को लेकर शाम करीब तीन बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. संतोष राजपूत ने प्राथमिक उपचार किया।

हालत गंभीर होने पर प्रेमा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस दौरान उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई। चिकित्सकों ने सीपीआर देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

बेनीप्रसाद ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। कामकाज में आ रही बाधा दूर होगी। बाहरी और अंदरूनी सहयोग मिलता चला जाएगा। पर प्रपंच में ना पड़कर अपने काम पर ध्यान दीजिए। आत्मीय श्रेष्ठता बनेगी। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़