कोलकाता, 06 मई।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद भड़की हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं को गंभीर मानते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट कहा है कि हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कोलकाता के न्यूटाउन क्षेत्र में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना सामने आई। इस वारदात के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद राज्य के कई हिस्सों से लगातार हिंसा और तोड़फोड़ की शिकायतें मिल रही हैं। हालात को देखते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ने राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, कोलकाता पुलिस आयुक्त और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के महानिदेशक को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही सभी जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को नियमित गश्त करने तथा स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग ने साफ कर दिया है कि चुनाव बाद किसी भी प्रकार की हिंसा के मामलों में सख्त और शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी।









