इंदौर, 06 मई।
शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत देवास नाका इलाके में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस आगजनी की घटना में तीन दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी तेज थी कि शुरुआती समय में ही एक टायर शॉप और एक गैराज इसकी चपेट में आ गए और आग ने तेजी से आसपास की दुकानों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया।
दमकल कर्मियों ने करीब 20 हजार लीटर पानी का उपयोग कर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। स्थिति इतनी गंभीर थी कि दुकानों के शटर तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा, क्योंकि घटना के समय कोई भी दुकानदार मौके पर मौजूद नहीं था।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बताया गया कि दुकानों के पास से गुजर रही बिजली लाइन के कारण आग ने तेजी से फैलते हुए विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में मोहम्मद अकबर, नरेंद्र और जितेंद्र गजराज की दुकानों को भारी क्षति पहुंची है। तीनों दुकानें एक-दूसरे के पास होने के कारण आग ने तेजी से फैलकर पूरी संपत्ति को नष्ट कर दिया। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।










