लंदन, 06 मई।
आईटीटीएफ विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप फाइनल्स में भारतीय पुरुष टीम का सफर प्री-क्वार्टर फाइनल यानी अंतिम 32 चरण में समाप्त हो गया। इस मुकाबले में ऑस्ट्रिया ने भारत को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
करीब एक घंटा 34 मिनट तक चले इस मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से मानुष शाह ने सबसे अधिक संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया, जबकि मानव ठक्कर और साथियान ज्ञानसेकरन अपने-अपने मुकाबलों में अपेक्षाकृत आसानी से हार गए।
मुकाबले की शुरुआत मानुष शाह और रॉबर्ट गार्डोस के बीच हुई। मानुष ने पहला गेम 11-6 से अपने नाम किया, लेकिन इसके बाद उन्होंने 7-11 और 3-11 से लगातार दो गेम गंवा दिए। चौथे गेम में 11-8 से वापसी करते हुए उन्होंने मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचाया, लेकिन अंतिम गेम में उन्हें 11-13 से करीबी हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला कुल 46 मिनट तक चला।
इसके बाद भारत 0-1 से पिछड़ गया और अगले दोनों मुकाबलों में भी टीम को हार का सामना करना पड़ा। मानव ठक्कर को डेनियल हाबेसोन ने मात्र 10 मिनट में 11-7, 11-5, 11-6 से हराया। वहीं साथियान ज्ञानसेकरन ने कुछ संघर्ष दिखाया, लेकिन अंततः उन्हें एंड्रियास लेवेनको के खिलाफ 11-5, 11-8, 11-9 से पराजय झेलनी पड़ी।
इस हार के साथ भारतीय पुरुष टीम का इस टूर्नामेंट में अभियान समाप्त हो गया।












