एक्सक्लूसिव
06 May, 2026

युवा दिखावे से दूर रहें, अपनी जड़ों से जुड़ें : डॉ. भटनागर

डॉ. मधुर लता भटनागर ने युवाओं से अपील की कि वे भौतिकता से दूर रहकर समाज और संस्कृति से जुड़ें तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दें।

नई दिल्ली, 05 मई

संगीतज्ञ और दिल्ली विश्वविद्यालय की पूर्व प्रोफेसर डॉ. मधुर लता भटनागर ने कहा है कि आज की युवा पीढ़ी को दिखावे और भौतिकता से दूर रहकर अपनी जड़ों से जुड़ना चाहिए और ऐसा कार्य करना चाहिए जिससे समाज का भी हित हो।

उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में आयोजित दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026 के दौरान 7 मई को उनकी लघु फिल्म ‘म्यूजिक ऑफ नेचर’ प्रदर्शित की जाएगी। यह फिल्म पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है। करीब 8 मिनट की इस फिल्म में किसी भी मानवीय पात्र को शामिल नहीं किया गया है, बल्कि इसमें पेड़-पौधे, झरने, पहाड़, बादल और आकाशीय तत्वों को ही अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया गया है।

डॉ. भटनागर के अनुसार प्रकृति के प्रत्येक तत्व में एक लय और संगीत है, जिसे इस फिल्म के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है ताकि पेड़ों की कटाई और पर्यावरणीय असंतुलन पर रोक लगाने का संदेश दिया जा सके। फिल्म में कोयल और मोर की वास्तविक ध्वनियों के साथ बांसुरी और अन्य वाद्ययंत्रों का उपयोग किया गया है, जिससे प्राकृतिक संगीत को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया है।

उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं को संगीतबद्ध करने वाली पहली संगीतकार थीं। आजादी के 50वें वर्ष के अवसर पर मंडी हाउस स्थित रूसी सांस्कृतिक केंद्र में उनके गीतों के कैसेट का विमोचन स्वयं अटल बिहारी वाजपेयी की उपस्थिति में किया गया था। उन्होंने उनकी कई प्रसिद्ध रचनाओं को संगीत दिया है।

मूल रूप से मुरादाबाद की रहने वाली और दिल्ली को अपनी कर्मभूमि बनाने वाली डॉ. भटनागर ने संगीत में पीएचडी की है। उनके शोध कार्य आज भी विश्वविद्यालयों में पढ़ाए जाते हैं। हाल ही में गणतंत्र दिवस और संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दूरदर्शन पर उनके पांच गीतों का प्रसारण भी किया गया।

युवा पीढ़ी को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसमें सामाजिक सरोकार भी होना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल दिखावे और भौतिकवाद के पीछे न भागें, बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहें।

वर्तमान में डॉ. भटनागर ध्रुपद और धमार जैसी लुप्त होती शास्त्रीय विधाओं के संरक्षण में सक्रिय हैं। उनका यूट्यूब चैनल ‘मधुर लता’ भजन, ग़ज़ल और शास्त्रीय संगीत प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

24° / 37°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़