ग्वालियर, 06 मई।
ग्वालियर जिले के डबरा थाना क्षेत्र में अर्रू तिराहे के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार कार बिजली के खंभे से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार दो दोस्तों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार यह हादसा मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि करीब दो बजे डबरा-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। तेज गति से जा रही स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर 11 केवी बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे खंभा टूट गया और बिजली के तार कार पर गिर पड़े। टक्कर के तुरंत बाद कार पलट गई और उसमें आग लग गई। बताया गया कि वाहन में शादी समारोह से बचे हुए पटाखे रखे थे, जिससे आग तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में कार आग का गोला बन गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतकों की पहचान छतरपुर निवासी 32 वर्षीय अवधेश विश्वकर्मा और 33 वर्षीय रामजी सोनी के रूप में हुई है। अवधेश फाइनेंस का काम करते थे और उनकी ससुराल शिवपुरी के बामौर में है। जानकारी के अनुसार, दोनों अपने रिश्तेदार अविनाश झा के साथ ग्वालियर एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया।
बताया गया कि कार अवधेश चला रहे थे और लौटते समय उन्होंने शादी में बची आतिशबाजी भी कार में रख ली थी। आशंका है कि चालक को नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हुआ और यह दुर्घटना हो गई। टक्कर के बाद बिजली का खंभा टूट गया और हाई वोल्टेज तार कार पर गिरने से हालात और भयावह हो गए। आगे के दरवाजे लॉक हो गए, जिससे दो लोग अंदर ही फंस गए, जबकि पीछे बैठे अविनाश झा झटका लगने से बाहर गिर गए।
स्थानीय लोगों और अविनाश ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने को हादसे का मुख्य कारण माना है। मामले की जांच जारी है और पुलिस वाहन की गति व चालक की स्थिति की भी जांच कर रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।








.jpg)




