सरकार व नीतियाँ
06 May, 2026

भारत–जापान विज्ञान साझेदारी को नई रफ्तार, क्वांटम व स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े समझौते हुए

भारत और जापान के बीच विज्ञान, तकनीक, क्वांटम और स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए कई अहम समझौतों पर सहमति बनी।

नई दिल्ली, 06 मई

भारत और जापान के बीच विज्ञान, तकनीक और स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग को नई मजबूती देने के लिए बुधवार को कई महत्वपूर्ण समझौते किए गए। इस दौरान जापान की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नीति मंत्री ओनोडा किमी ने एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की।

बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच स्वास्थ्य एवं मेडिकल उपकरण क्षेत्र में सहयोग को लेकर समझौता हुआ। यह करार जापान की मेडिकल रिसर्च एवं विकास एजेंसी, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के बीच संपन्न हुआ।

इसके साथ ही क्वांटम विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए जापान के कैबिनेट कार्यालय और भारत के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के बीच सहमति पत्र पर भी हस्ताक्षर किए गए।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्ष 2025 में जापान यात्रा के बाद दोनों देशों के बीच विज्ञान एवं तकनीक साझेदारी एक नए चरण में प्रवेश कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि जापान के पास उन्नत तकनीकी क्षमता है, जबकि भारत के पास युवा और कुशल मानव संसाधन की बड़ी शक्ति है। दोनों देशों की यह संयुक्त क्षमता नए नवाचारों को तेजी से आगे बढ़ाने में सहायक होगी।

जापान की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नीति मंत्री ओनोडा किमी ने भारत की तीव्र आर्थिक प्रगति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते उपयोग की सराहना की। उन्होंने भारतीय युवाओं की नवाचार क्षमता और असफलताओं से सीखने की प्रवृत्ति की भी प्रशंसा की।

बैठक में राष्ट्रीय क्वांटम मिशन, क्वांटम कंप्यूटिंग, सुरक्षित संचार और स्वास्थ्य अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही शोध संस्थानों, उद्योग और स्टार्टअप्स के बीच साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया गया। दोनों देशों ने वैज्ञानिकों के आदान-प्रदान, संयुक्त परियोजनाओं और शोध सहयोग को बढ़ाने पर सहमति जताई, ताकि नई तकनीकों का तेजी से विकास कर उन्हें आम जनता तक पहुंचाया जा सके।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

24° / 37°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़