कोलकाता, 06 मई
पश्चिम बंगाल में नई सरकार गठन से जुड़ी अधिसूचना जारी होने के बाद प्रशासनिक गतिविधियों में तेज़ी देखी जा रही है। भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद राज्य में सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया से संबंधित तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
इसी क्रम में बुधवार दोपहर मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला राजभवन पहुंचे और राज्यपाल रविंद्र नारायण रवि से दूसरी बार मुलाकात की। दोनों के बीच विभिन्न प्रशासनिक और संवैधानिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद निर्वाचन आयोग के निर्देश पर नंदिनी चक्रवर्ती को हटाकर दुष्यंत नारियाला को मुख्य सचिव का दायित्व सौंपा गया था। इसके बाद बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी की बैठक समाप्त होते ही मुख्य सचिव आवश्यक फाइलों के साथ राजभवन पहुंचे।
राजभवन में राज्यपाल के साथ यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि निर्वाचन आयोग की ओर से नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू किए जाने की आधिकारिक घोषणा के बाद यह दूसरा बड़ा प्रशासनिक संवाद था।
इस बीच राजभवन के उत्तर द्वार पर मीडिया कर्मियों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल और सादे कपड़ों में खुफिया एजेंसियों के अधिकारी तैनात किए गए थे।
कुल मिलाकर निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के बाद राजभवन, नवान्न और निर्वाचन आयोग कार्यालय में लगातार उच्च स्तरीय बैठकों का दौर जारी है। राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है।








.jpg)




