रायबरेली, 06 मई
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बुधवार को पुलिस ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान हुई क्रास फायरिंग में तीन बदमाशों के पैरों में गोली लग गई, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से जल जीवन मिशन के गोदाम से लूटी गई दस बोरा पीतल की टोंटियां, अवैध असलहे और अन्य सामान बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि बुधवार तड़के लगभग दो बजे डीह थाना क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की थी। इसी दौरान कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अक्षत मिश्रा और मोहित आर्या के पैरों में गोली लगी, जबकि उनके साथ मौजूद संतोष, अभिषेक और अरविंद को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, इन बदमाशों ने जल जीवन मिशन के गोदाम में धावा बोलकर पीतल की टोंटियां लूटी थीं और वहां तैनात दो चौकीदारों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच विशेष टीमें गठित की गई थीं।
इसी बीच दूसरी मुठभेड़ भदोखर थाना क्षेत्र में नहर पुलिया के पास हुई, जहां पुलिस ने संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में प्रयागराज निवासी साहू घायल हो गया, जबकि उसका साथी सूरज को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इन बदमाशों के पास से दस बोरा पीतल की टोंटियां, तीन अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, एक चार पहिया वाहन और एक ई-रिक्शा लोडर भी बरामद किया है।








.jpg)




