अपराध
06 May, 2026

पटवारी चालीस हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी ने रंगे हाथ दबोचा

जयपुर में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को चालीस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

जयपुर, 06 मई

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की भिवाड़ी टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटपूतली-बहरोड़ जिले के भैसलाना तहसील (पावटा) में तैनात पटवारी प्रमोद सामरिया को चालीस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि भिवाड़ी चौकी को एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके पिता की पैतृक भूमि के बंटवारे का मामला एसडीएम कोर्ट में पिछले पांच से छह वर्षों से लंबित है। इस मामले में बीते बीस जून 2025 को अदालत ने परिवादी के पक्ष में निर्णय देते हुए संबंधित पटवारी को कुरेजात रिपोर्ट तैयार कर चौबीस जुलाई 2025 से पहले प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।

इसके बावजूद पटवारी ने रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत नहीं की और इसके बदले एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग कर परिवादी को लगातार परेशान कर रहा था।

शिकायत के आधार पर ब्यूरो ने उनतीस अप्रैल 2026 को मांग सत्यापन की कार्रवाई की, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि पटवारी द्वारा एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी। बाद में परिवादी के आग्रह पर आरोपी अस्सी हजार रुपये लेने के लिए तैयार हो गया और राशि को तीन किस्तों में लेने की सहमति बनी।

पहली किस्त के रूप में चालीस हजार रुपये देने और शेष राशि दो किस्तों में देने पर समझौता हुआ। इसके बाद भिवाड़ी चौकी की टीम ने उप महानिरीक्षक पुलिस (चतुर्थ) भुवन भूषण यादव के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी परमेश्वर लाल के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी पटवारी को परिवादी से पहली किस्त के चालीस हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

ब्यूरो अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की आगे की जांच और अन्य संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रहा है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

24° / 37°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़