चित्तौड़गढ़, 06 मई।
जिला जेल चित्तौड़गढ़ से 30 दिन की अंतरिम जमानत पर रिहा हुआ एक बंदी तय समय पर वापस जेल में उपस्थित नहीं हुआ और फरार हो गया। जेल प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली थाने के सहायक उप निरीक्षक अर्जुन लाल ने बताया कि जेल प्रहरी वेदप्रकाश ने थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार कपासन क्षेत्र के भंवरकियां निवासी गोवर्धन पुत्र मदन लाल जाट अंतरिम जमानत की अवधि समाप्त होने के बाद भी जिला जेल में वापस नहीं लौटा।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि जेल से अंतरिम जमानत पर रिहा होने के बाद बंदियों के फरार होने का यह पहला मामला नहीं है। पिछले एक वर्ष में ऐसे लगभग आधा दर्जन मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें आरोपी समय पर जेल नहीं लौटे और फरार हो गए।
सूत्रों के अनुसार फरार होने वाले अधिकतर बंदी एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किए गए आरोपी रहे हैं।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई जा रही है।








.jpg)




