यमुनानगर, 06 मई
यमुनानगर के गांव भूरे का माजरा में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं, जिसमें आरोपी घायल हो गया, जबकि एक पुलिस अधिकारी बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण सुरक्षित बच गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान पानीपत निवासी अमन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी एक संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ है और हाल ही में रादौर क्षेत्र के गांव भूरे का माजरा में पूर्व सरपंच के घर पर हुई गोलीबारी की घटना में भी शामिल था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी थाना छप्पर क्षेत्र में कुलपुर फाटक के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
इसी दौरान कलपुर गांव के पास पुलिस ने संदिग्ध युवक को घेर लिया। पुलिस को देखते ही आरोपी बाइक से भागने लगा और फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल, अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान एक गोली उप निरीक्षक रोहन को भी लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण वह सुरक्षित रहे।
घायल आरोपी को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ कर रही है।








.jpg)




