भोपाल, 07 मई
लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के घेराव के बाद आखिरकार मध्य प्रदेश सरकार ने 4,000 माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षकों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। बुधवार को भोपाल में नियुक्ति में हो रही देरी को लेकर शिक्षकों ने डीपीआई कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद दिनभर चले विरोध के बाद रात में नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए।
निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को 12 मई से 18 मई 2026 के बीच ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्कूल चयन करना होगा। अभ्यर्थियों को अपने निर्धारित संभाग या जिले के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों की प्राथमिकता क्रम में चॉइस फिलिंग करनी अनिवार्य होगी। पोर्टल शुल्क जमा करने के बाद ही यह प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी।
उच्च शिक्षा मंत्री ने जानकारी देते हुए कहा कि लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और नियमों के अनुरूप की जा रही है तथा सरकार सभी योग्य अभ्यर्थियों को समय पर नियुक्ति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

अभ्यर्थियों के अनुसार यह भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2022 में प्रारंभ हुई थी। इसके बाद 2023 में पात्रता परीक्षा आयोजित की गई और अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा संपन्न हुई। सितंबर 2025 में परिणाम जारी होने के बाद चयन सूची भी प्रकाशित की गई थी, जिसमें लगभग 10,700 अभ्यर्थियों के नाम शामिल थे। हालांकि पिछले 9 महीनों से नियुक्ति प्रक्रिया लंबित होने के कारण अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ता जा रहा था।
लोक शिक्षण संचालनालय ने निर्देश दिए हैं कि माध्यमिक शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक (खेल, संगीत, गायन-वादन, नृत्य) पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को ऑनलाइन माध्यम से विद्यालय चयन करना होगा। यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा में चॉइस फिलिंग नहीं करता है तो उसे शेष रिक्तियों के आधार पर ही विद्यालय आवंटित किया जाएगा, जिससे मनचाहा विद्यालय मिलने की संभावना कम हो जाएगी।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि चॉइस फिलिंग से संबंधित कोई भी दावा बाद में स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थियों को समय पर प्रक्रिया पूर्ण करना अनिवार्य होगा। साथ ही सशर्त चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है, जिसके आधार पर पात्रता तय की जाएगी।
प्राथमिक शिक्षक (गायन-वादन, नृत्य) जैसे विशेष पदों के लिए अलग से पात्रता सूची जारी की जाएगी। इसके बाद आगे की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। उम्मीद है कि चॉइस फिलिंग के बाद जल्द ही विद्यालय आवंटन और अंतिम नियुक्ति आदेश भी जारी कर दिए जाएंगे।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है तथा सरकार समयबद्ध तरीके से सभी योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने के लिए प्रतिबद्ध है।







.jpg)



