मध्य प्रदेश
07 May, 2026

भोपाल को मिला आधुनिक नगर निगम मुख्यालय ‘अटल भवन’, CM करेंगे लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल में 43 करोड़ की लागत से बने अत्याधुनिक नगर निगम मुख्यालय ‘अटल भवन’ का लोकार्पण करेंगे।

भोपाल, 07 मई।

राजधानी भोपाल को आज नगर प्रशासन के क्षेत्र में एक नई और आधुनिक पहचान मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल नगर निगम के नए अत्याधुनिक मुख्यालय ‘अटल भवन’ का लोकार्पण करेंगे। तुलसी नगर सेकंड स्टॉप क्षेत्र में स्थित यह आठ मंजिला भवन 43 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है और इसे पूरी तरह ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा पर विकसित किया गया है।

करीब चार एकड़ क्षेत्र में निर्मित इस आधुनिक भवन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि नगर निगम के सभी प्रमुख विभाग अब एक ही स्थान पर संचालित होंगे। इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यों के लिए शहर के विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और एक ही परिसर में सभी सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

यह ‘अटल भवन’ प्रदेश का पहला ऐसा नगरीय निकाय मुख्यालय होगा, जिसमें जियोथर्मल तकनीक का उपयोग किया गया है। भवन को ऊर्जा दक्ष बनाने के लिए पार्किंग क्षेत्र में सोलर पैनल लगाए गए हैं, जिनसे लगभग 300 किलोवाट बिजली उत्पादन किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री नीमच जिले में भोपाल नगर निगम द्वारा स्थापित 10.5 मेगावॉट सौर ऊर्जा परियोजना का भी लोकार्पण करेंगे, जिसे स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नए मुख्यालय के शुरू होने के बाद नगर निगम के विभिन्न कार्यालय, जो अब तक शहर के करीब दस अलग-अलग स्थानों पर संचालित हो रहे थे, उन्हें एकीकृत कर दिया जाएगा। इसमें सेंट्रल वर्कशॉप, भवन अनुज्ञा, जनसंपर्क, जल कार्य, सीवेज, स्वच्छ भारत मिशन, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, राजस्व, अतिक्रमण, आवास योजना, झील प्रकोष्ठ और एनयूएलएम जैसी शाखाएं शामिल होंगी।

भवन के भूतल पर आधुनिक जनसुविधा केंद्र स्थापित किया गया है, जहां नागरिकों को सभी विभागों की सेवाएं और जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। इससे कामकाज में पारदर्शिता और गति दोनों बढ़ने की उम्मीद है।

फिलहाल नगर निगम की शाखाएं आईएसबीटी, माता मंदिर, शाहपुरा और फतेहगढ़ सहित कई स्थानों पर फैली हुई हैं। ‘अटल भवन’ के शुरू होने के बाद प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और नागरिकों का समय भी बचेगा।

लोकार्पण समारोह में कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, जिनमें नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, खेल मंत्री विश्वास सारंग, प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, मंत्री कृष्णा गौर, प्रतिमा बागरी, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, विष्णु खत्री, आरिफ मसूद और आतिफ अकील सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज का कार्यक्रम भी व्यस्त रहेगा। वे सुबह 9.20 बजे अधिकारियों से ब्रीफिंग करेंगे। इसके बाद 9.40 बजे आष्टा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह सम्मेलन में वर्चुअली शामिल होंगे। सुबह 10 बजे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा-2026’ का शुभारंभ करेंगे।

इसके बाद 11 बजे भोपाल नगर निगम मुख्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण करेंगे। दोपहर 12.40 बजे स्टेट हैंगर से जबलपुर के लिए रवाना होंगे और आगे मंडला जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाम को वे तिरुपति पहुंचेंगे और रात में नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़