मध्य प्रदेश
07 May, 2026

किसानों को लेकर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, 7 जगह चक्काजाम

मध्य प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस आज आगरा-मुंबई हाईवे पर सात स्थानों पर चक्काजाम कर बड़ा आंदोलन करेगी।

भोपाल, 07 मई

मध्य प्रदेश में किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस आज गुरुवार को बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस ने आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-3) पर सात अलग-अलग स्थानों पर चक्काजाम का ऐलान किया है। आंदोलन की शुरुआत सुबह 10:30 बजे इंदौर के पिगडंबर क्षेत्र से होगी, जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस का कहना है कि यह पूरा आंदोलन “किसान सत्याग्रह” के रूप में किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों की समस्याओं को उजागर करना है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि सरकार गेहूं खरीदी, समर्थन मूल्य और भावांतर योजना को लेकर किसानों से किए गए वादों पर खरा नहीं उतर रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि सरकार ने किसानों को गेहूं के लिए 2700 रुपये प्रति क्विंटल देने का वादा किया था, लेकिन वास्तविक खरीदी 2625 रुपये प्रति क्विंटल पर की जा रही है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सीमित खरीदी के कारण बड़ी मात्रा में गेहूं किसानों के पास ही पड़ा हुआ है और उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। साथ ही धान खरीदी, खाद संकट और कृषि उपकरणों की समस्या में भी सरकार की विफलता का आरोप लगाया गया है।

इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने बताया कि यह आंदोलन प्रदेशभर में व्यापक रूप से किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों में सरकार के प्रति भारी नाराजगी है और वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। कई स्थानों पर किसानों को पीले चावल देकर आंदोलन में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है। पार्टी का दावा है कि यह आंदोलन करीब 747 किलोमीटर क्षेत्र को प्रभावित करेगा।

चक्काजाम के लिए सात प्रमुख स्थान तय किए गए हैं। इनमें मुरैना और भिंड, ग्वालियर और दतिया, शिवपुरी और श्योपुर, गुना और अशोकनगर, शाजापुर के साथ देवास, राजगढ़, आगर मालवा, उज्जैन, सीहोर, विदिशा, रायसेन और भोपाल क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा इंदौर और खलघाट क्षेत्र में भी प्रदर्शन होगा, जिसमें धार, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर और झाबुआ क्षेत्र प्रभावित रहेंगे।

विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस के बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। मुरैना में कमलेश्वर पटेल, डॉ. गोविंद सिंह और हेमंत कटारे, ग्वालियर में राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, शिवपुरी में के.पी. सिंह, गुना में जयवर्धन सिंह, शाजापुर में हरीश चौधरी, जीतू पटवारी और संजय दत्त, इंदौर में जीतू पटवारी और उषा नायडू तथा खलघाट में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, बाला बच्चन और सचिन यादव शामिल रहेंगे।

पुलिस और प्रशासन ने चक्काजाम को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर चलने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। चार पहिया वाहनों को राऊ सर्कल, पीथमपुर, भंवरकुआ और विशालत चौराहा मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा, जबकि भारी वाहनों को उज्जैन, बदनावर, लेबड़ और महेश्वर-कसरावद मार्ग से निकाला जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

कांग्रेस ने दावा किया है कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और इसका उद्देश्य जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि किसानों की आवाज सरकार तक पहुंचाना है। साथ ही मुख्यमंत्री से गेहूं पर भावांतर योजना लागू करने और किसानों को हुए नुकसान की भरपाई की मांग भी की गई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़