मौसम
07 May, 2026

ग्वालियर समेत 11 जिलों में बारिश-आंधी अलर्ट, 43 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने ग्वालियर सहित 11 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट जारी किया है, जबकि कई शहरों में तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

भोपाल, 07 मई।

मध्य प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। बुधवार को भी कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए ग्वालियर सहित 11 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज शामिल हैं। विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते आगामी दो दिनों तक ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना है।

दूसरी ओर प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर सहित 44 जिलों में गर्मी का प्रभाव तेज रहने की संभावना जताई गई है। कई स्थानों पर दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, नर्मदापुरम, रतलाम, नीमच और मंदसौर में तापमान में अधिक वृद्धि के संकेत हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। अगले दो दिनों में कुछ इलाकों में तेज आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है, वहीं 9 और 10 मई को पूरे प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। 10 मई के आसपास एक नया मौसम तंत्र सक्रिय होगा, जिसका प्रभाव अगले कुछ दिनों बाद देखने को मिल सकता है।

बुधवार को लगातार सातवें दिन भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आंधी का दौर जारी रहा। धार सहित कई क्षेत्रों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। मई की शुरुआत में लगातार बारिश होने से फिलहाल गर्मी से आंशिक राहत बनी हुई है और अधिकांश शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में मध्य प्रदेश में दो चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं, जिनमें से एक प्रदेश के मध्य भाग और दूसरा ऊपरी हिस्से में स्थित है। साथ ही एक ट्रफ लाइन पूर्वी क्षेत्र से होकर गुजर रही है, जिसके कारण प्रदेश में मौसम लगातार अस्थिर बना हुआ है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़