कोलकाता, 07 मई।
पूर्व मेदिनीपुर जिले के चंडीपुर स्थित चंद्रनाथ रथ के पैतृक गांव में उनकी हत्या की खबर के बाद गहरा शोक और तनाव का वातावरण बना हुआ है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी रहे चंद्रनाथ रथ की मौत को लेकर स्थानीय लोग इसे राजनीतिक प्रतिशोध का परिणाम मान रहे हैं और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
बुधवार रात से ही उनके घर के बाहर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। शोकग्रस्त परिवार को सांत्वना देने के लिए लगातार बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच रहे हैं। इसी बीच भाजपा सांसद दिव्येंदु अधिकारी भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।
स्थानीय निवासियों ने टीवी पर हत्या की खबर देखकर स्तब्ध होने की बात कही है। उनका कहना है कि राजनीतिक रंजिश के चलते ही यह वारदात हुई है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे बड़े आंदोलन की राह पकड़ सकते हैं।
सूचना के अनुसार बुधवार रात मध्यमग्राम के दोहारिया क्षेत्र में बाइक सवार हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की कार पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। उस समय उनके साथ बुद्धदेव बेरा नामक व्यक्ति भी मौजूद थे। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रनाथ को मृत घोषित कर दिया, जबकि बुद्धदेव बेरा की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार कोलकाता के ईएम बाईपास स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद राज्य के पुलिस महानिदेशक सिद्धीनाथ गुप्ता देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। वहीं, चंद्रनाथ रथ की पत्नी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने पति को वापस नहीं पा सकतीं, लेकिन दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग करती हैं।
इधर शुभेंदु अधिकारी ने भी इस हत्या में राजनीतिक कारण होने की आशंका जताई, हालांकि उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया जा सकता। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है।






.jpg)





